कोलकता : शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में नामजद आरोपियों में दो स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता सागर सोनकर और उनके भाई साहिब सोनकर शामिल हैं, जो पूर्व में रथ के दफ्तर में ही काम करते थे।
Read More : हजारीबाग में बारिश से ढहा पुराना कच्चा मकान, मलबे से निकले चांदी के पुराने सिक्के
यूपी के शूटरों को दी गई थी हत्या की सुपारी
CBI की जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य साजिशकर्ता सागर सोनकर ने ही उत्तर प्रदेश से बुलाए गए पेशेवर शूटरों को चंद्रनाथ रथ की हत्या के लिए सुपारी दी थी और पैसों का इंतजाम किया था। रथ की हत्या 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर कर दी गई थी। वह भवानीपुर क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जांच एजेंसी के अनुसार इस हत्याकांड की साजिश दिसंबर से ही रची जा रही थी, लेकिन कई बार योजना टलने के बाद मई में इसे अंजाम दिया गया।
6 शूटर और 3 बिचौलिए गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार
इस मामले में सीबीआई अब तक कुल 6 शूटरों – मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्या और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके अलावा मुख्य साजिशकर्ता और शूटरों के बीच मध्यस्थता करने वाले तीन बिचौलियों (विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा) को भी दबोचा गया है। मामले का एक आरोपी अब भी फरार है। राज्य सरकार की सिफारिश पर इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।




