भारत-ए का दमदार प्रदर्शन, सुदर्शन और ध्रुव जुरेल के शतकों से 452/6 पर घोषित हुई पारी

गाले। भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 452 रन बनाकर घोषित कर दी। टीम की ओर से साईं सुदर्शन और कप्तान ध्रुव जुरेल ने शानदार शतकीय पारियां खेलकर भारत-ए को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की शुरुआत अच्छी रही। साईं सुदर्शन और आयुष पांडे ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। आयुष पांडे 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने तेज शुरुआत की, लेकिन वह सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर 96 रन पर दो विकेट था।

सुदर्शन ने खेली 132 रन की शानदार पारी

शुरुआती झटकों के बाद साईं सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सुदर्शन ने कप्तान ध्रुव जुरेल के साथ भी उपयोगी साझेदारी निभाई।

सुदर्शन ने 175 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 132 रन की शानदार पारी खेली। वह भारत-ए के चौथे विकेट के रूप में आउट हुए और टीम को मजबूत आधार देकर गए।

ध्रुव जुरेल ने कप्तानी पारी से संभाली जिम्मेदारी

सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल ने पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने शेख रशीद के साथ पांचवें विकेट के लिए 136 रन की अहम साझेदारी की। रशीद ने 63 रन का योगदान दिया। इसके बाद जुरेल ने हर्ष दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। दुबे ने 30 रन बनाए।

जुरेल अंत तक नाबाद रहे और 215 गेंदों में 13 चौकों तथा एक छक्के की मदद से 141 रन की शानदार पारी खेली। दूसरे दिन भारत-ए ने 452/6 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी।

श्रीलंका-ए की ओर से चमिका गुणासेकरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 86 रन देकर तीन विकेट लिए। दिलुम सुदीरा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि रविंदु फर्नांडो को एक सफलता मिली।

भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच दो मैचों की इस अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भी गाले में 2 जुलाई से खेला जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.