रांची : झारखंड के जमशेदपुर पश्चिम से वरिष्ठ विधायक और जननेता सरयू राय की अचानक तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें रांची स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को उनके अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली, तो वे तत्काल उनका हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर सरयू राय का कुशलक्षेम जाना और उनका इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और इलाज सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
Read More : 9 अगस्त को राज्य सरकार के ‘आदिवासी महोत्सव’ का विरोध करेगी केंद्रीय सरना समिति
‘राजनीति में सरयू राय जी से मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा’
अस्पताल में सरयू राय से मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “सरयू राय जी मेरे लिए केवल एक वरिष्ठ विधायक नहीं हैं, बल्कि अभिभावक के समान हैं। उन्होंने मुझे हमेशा बेटे से भी बढ़कर स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद दिया है। मुझे राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी उन्हीं से मिली है।” डॉ. अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों की सरयू राय ने हमेशा खुलकर तारीफ की है और उनका उत्साहवर्धन किया है। उनसे हर मुलाकात में कुछ नया सीखने को मिलता है।
‘झारखंड की राजनीति के निर्भीक और सिद्धांतवादी नेता’
स्वास्थ्य मंत्री ने सरयू राय की जनप्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि वे झारखंड की राजनीति के सबसे अनुभवी, सिद्धांतवादी और निर्भीक नेताओं में से एक हैं। विधानसभा के भीतर जनता के मुद्दों को तथ्यों और पूरी मजबूती के साथ उठाना उनकी मुख्य पहचान है। जब तक उन्हें किसी विषय पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता, वे लगातार सवाल पूछते रहते हैं, जो उनके लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से की कामना
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अपने अभिभावक समान नेता से मिलकर उनका मन भावुक हो गया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सरयू राय जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर विधानसभा लौटें। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता और हम सभी को उनके लंबे अनुभव, मार्गदर्शन और स्नेह की हमेशा जरूरत रहेगी।




