खान सर के कोचिंग में उठने लगा अचानक धुआं, मचा तहलका

पटना : राजधानी पटना के मुसल्लहपुर में गुरुवार को उस वक्त तहलका मच गया, जब देश के चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते परिसर में मौजूद छात्रों के बीच खबर फैल गई कि आग लग गई है। फिर क्या था, क्लासरूम में बैठे छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिये बाहर की ओर दौड़ पड़े। कुछ पल पहले तक जहां पढ़ाई का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार और भगदड़ का दृश्य नजर आने लगा। हर कोई जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकलना चाहता था।

धुएं ने बढ़ाई धड़कनें, छात्रों में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, परिसर के एक हिस्से से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही छात्रों ने शोर मचाना शुरू कर दिया—”आग लग गई, आग लग गई…” यह आवाज सुनते ही कई क्लासरूम से छात्र बाहर निकलने लगे। कुछ देर के लिये पूरे संस्थान में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि कोचिंग प्रबंधन और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुये सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया। संस्थान के कर्मचारियों और प्रबंधन की सूझबूझ से शुरुआती स्तर पर ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी छात्र या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।

कुछ दिन पहले ही मिला था फायर विभाग का नोटिस

सबसे अहम बात यह है कि इस घटना से पहले ही अग्निशमन विभाग ने संस्थान को चेतावनी दी थी। खबर है कि 7 जून और 23 जून को फायर सेफ्टी विभाग की टीम ने खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कई गंभीर कमियां सामने आई थीं। निरीक्षण के बाद विभाग ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर सात से दस दिनों के भीतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया था। फायर विभाग की चेतावनी के बावजूद आग लगने की घटना सामने आने के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.