रांची : माहेश्वरी युवा संगठन (MYS) रांची की वर्ष 2026-2029 की नवीन कार्यकारिणी को दायित्व सौंपने के लिए एक गरिमामयी हैंडओवर समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में वर्ष 2023-2026 की निवर्तमान कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन का कार्यभार सौंपा। कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष विनय मंत्री एवं निवर्तमान सचिव हेमंत चितलांगिया ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष उत्सव मंत्री और नव-निर्वाचित सचिव हर्षित चितलांगिया को संगठन का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने निवर्तमान टीम के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की सराहना करते हुए नई टीम को आगामी सत्र के लिए बधाई दी।
Read More : विजय सरकार का पहला बजट पेश, महिलाओं को सोने का सिक्का और सिल्क की साड़ी का तोहफा
‘MYS Ranchi’ मोबाइल एप्लीकेशन का हुआ शुभारंभ
समारोह का मुख्य आकर्षण “MYS Ranchi” मोबाइल ऐप का आधिकारिक शुभारंभ रहा। इस एप्लीकेशन के माध्यम से संगठन के सदस्यों को आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, सूचनाओं और अन्य गतिविधियों से एक ही मंच पर जोड़ा जा सकेगा। नई कार्यकारिणी ने इसे संगठन के डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह ऐप सदस्यों के बीच संवाद एवं सहभागिता को और मजबूत बनाएगा।
समारोह में उपस्थित रहे वरिष्ठजन और अतिथि
इस अवसर पर माहेश्वरी सभा रांची के अध्यक्ष मुकेश काबरा, सचिव मनोज कल्याणी, उपाध्यक्ष गोवर्धन भाला व राजू सोमानी तथा संयुक्त सचिव श्याम बिहानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष दीपक मारू, पंकज साबू, सौरभ साबू तथा पूर्व सचिव अंकुर डागा एवं आशीष भाला भी मौजूद रहे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष मारू, मयंक सारड़ा, नीरज चितलांगिया, विक्रम साबू, राहुल साबू एवं प्रतीक साबू सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।




