रांची : झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। CRPF और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने सरायकेला-खरसावां जिले में कार्रवाई करते हुए भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों पर कुल 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस मुख्यालय ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से तीन एके-47 (AK-47) राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
Read More : पारिवारिक विवाद में 132 KV बिजली टावर पर चढ़ी विवाहिता, टला बड़ा हादसा
एक करोड़ के इनामी असीम मंडल दस्ते के थे सदस्य
झारखंड पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरायकेला-खरसावां के जंगली इलाकों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सक्रिय सदस्य छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तीनों माओवादियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों नक्सली एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश के दस्ते में शामिल थे। ये लंबे समय से सुरक्षा बलों पर हमले, लेवी वसूली और आईईडी ब्लास्ट जैसी कई गंभीर घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों का प्रोफाइल
मदन महतो उर्फ शंकर (इनाम: 15 लाख रुपये): पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले का रहने वाला मदन महतो संगठन में हथियारबंद दस्तों के संचालन, नए कैडरों की भर्ती और हमलों की साजिश रचने का मुख्य सूत्रधार था। वह दलमा, कोल्हान और जंगलमहल इलाके में लंबे समय से सक्रिय था।
रवि सरदार (इनाम: 5 लाख रुपये): रीजनल कमेटी सदस्य और कमांडर रवि सरदार सारंडा, दलमा और झारखंड-बंगाल सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहकर मिसिर बेसरा और असीम मंडल के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था।
मीना (इनाम: 2 लाख रुपये): मदन महतो की पत्नी मीना संगठन के लिए कोरियर, लॉजिस्टिक्स और दस्तों की आवाजाही में मुख्य भूमिका निभाती थी।




