रांची नगर निगम के फैसले के खिलाफ ट्रांसपोर्टरों की बैठक, हड़ताल की चेतावनी

रांची : रांची नगर निगम की ओर से जालान रोड में माल की लदाई और उतराई का कार्य बंद करने संबंधी नोटिस के विरोध में रविवार को रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रांसपोर्टरों, मजदूर संगठनों और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों

ट्रांसपोर्टरों

रांची : रांची नगर निगम की ओर से जालान रोड में माल की लदाई और उतराई का कार्य बंद करने संबंधी नोटिस के विरोध में रविवार को रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रांसपोर्टरों, मजदूर संगठनों और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों से जुड़े लोगों ने नगर निगम के निर्णय को व्यवसाय विरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह उर्फ राजू ने की। कार्यक्रम का आयोजन रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से किया गया। कार्यक्रम का संचालन बिंदुल वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दीपक सिंह ने किया।

Read More : धुर्वा डैम से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

आपूर्ति और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रांची नगर निगम ने ट्रांसपोर्टरों को नोटिस देकर तीन दिन के बाद जालान रोड में माल की लदाई और उतराई का कार्य नहीं करने देने की बात कही है। वक्ताओं के अनुसार, अपर बाजार स्थित जालान रोड में खुदरा माल का परिवहन करने वाली कई ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कार्यालय और गोदाम हैं। यहां से दैनिक उपयोग की वस्तुएं झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भेजी जाती हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि जालान रोड में लदाई और उतराई का कार्य बंद किया गया तो राज्य में दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे रांची शहर की व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई।

डिप्टी मेयर ने दिया साथ देने का आश्वासन

बैठक में मौजूद डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने व्यवसाय से जुड़े लोगों को आश्वासन दिया कि वे व्यावसायिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले निर्णय के खिलाफ उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि रांची शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ व्यवसाय का सुचारु संचालन भी जरूरी है। उन्होंने व्यावसायिक वर्ग के साथ किसी प्रकार के अन्याय के खिलाफ संघर्ष में साथ देने की बात कही। रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि शहर में ट्रांसपोर्टरों के लिए कोई उपयोगी ट्रांसपोर्ट नगर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जो ट्रांसपोर्ट नगर बनाया गया है, वह अब तक आवंटित नहीं हुआ है और वहां ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करना संभव नहीं है।

निर्णय वापस नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी

राजकिशोर सिंह ने नगर निगम से निर्णय वापस लेकर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को पहले की तरह संचालित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े कारोबारी और मजदूर इस निर्णय का विरोध करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी कर सकते हैं। बैठक में 200 से अधिक ट्रांसपोर्टर और मजदूर शामिल हुए। झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के अध्यक्ष ललित ओझा ने कहा कि जालान रोड स्थित ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों में कार्यरत मजदूरों के परिवारों का भरण-पोषण इसी व्यवसाय से होता है। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग को किसी प्रकार की समस्या होने पर यूनियन ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ खड़ी रहेगी।

बैठक में मुख्य रूप से डिप्टी मेयर नीरज कुमार, स्थानीय पार्षद सुनील यादव, झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के अध्यक्ष ललित ओझा, झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के देवेंद्र सिंह, एफजेसीसीआई के मुकेश अग्रवाल, रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक बिंदुल वर्मा, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, सचिव रविंद्र दुबे और संगठन मंत्री दीपक सिंह समेत कई ट्रांसपोर्टर, मजदूर और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *