रांची : राजधानी रांची में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने जुलाई महीने में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। पूरे महीने के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 1,20,197 चालान काटे गए। जुलाई के अंतिम दिन यानी 31 जुलाई को 3,847 वाहन चालकों का चालान किया गया। इस दौरान सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने के सामने आए। बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर 2,158 चालान काटे गए। वहीं, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के आरोप में 1,430 चालान किए गए।
Read More : पलामू व्यवहार न्यायालय से न्याय रथ रवाना, पूरे अगस्त चलेगा कानूनी जागरूकता अभियान
इसके अलावा रेड लाइट जंप करने पर 108 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 14 चालान, जबकि सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 10 चालान काटे गए। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करते हुए ही अपने वाहनों का परिचालन करें।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन चालक अपने वाहन पर किसी दूसरे वाहन का नंबर लगाकर उसे चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन को जब्त करने के साथ चालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है।




