रांची : अग्रवाल सभा महिला समिति के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव का गुरुवार को समापन हो गया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि रांची दूरदर्शन की अनामिका सिंह रहीं। उन्होंने महिला समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Read More : रांची में 26 जुलाई से शुरू होगा 135वां डूरंड कप, उद्घाटन में शामिल होंगे सीएम हेमंत सोरेन
उन्होंने कहा कि यह मेला लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़ी महिलाओं और घर से व्यवसाय करने वाली उद्यमियों को एक ही छत के नीचे अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बाजार उपलब्ध कराने का बेहतर अवसर देता है।
100 से अधिक स्टॉलों पर उमड़ी खरीदारों की भीड़
समापन समारोह में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मंत्री निर्मल बुधिया, महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल और अलका सरावगी भी मौजूद रहे। तीन दिवसीय मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इनमें रांची के अलावा जयपुर, कोलकाता, वाराणसी, भागलपुर और पटना सहित कई शहरों से आई महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया। मेले में जयपुरिया आभूषण, डिजाइनर साड़ियां, सलवार सूट, बच्चों के परिधान, नेपाली कंबल, चादरें, इमिटेशन ज्वेलरी, राखियां, वंदनवार, हस्तशिल्प उत्पाद, पूजा सामग्री, शादी के लहंगे और इंडो-वेस्टर्न परिधानों सहित कई उत्पादों की बिक्री हुई। मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं ने खरीदारी की।
चार बेस्ट स्टॉल संचालकों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में अग्रवाल सभा महिला समिति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार महिला उद्यमियों को सम्मानित किया।
- बेस्ट हैंडीक्राफ्ट : छाया अग्रवाल
- बेस्ट एक्सक्लूसिव आइटम्स : माधुरी तोषनीवाल
- बेस्ट डिस्प्लेड स्टॉल : श्वेता अग्रवाल
- बेस्ट सेल्स वुमनशिप : अनुभा
मेले में शामिल महिला उद्यमियों ने कहा कि सावन महोत्सव उन्हें पारिवारिक माहौल में कारोबार का अवसर देता है और वे पूरे वर्ष इस आयोजन का इंतजार करती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल सभा महिला समिति की सभी सदस्यों का सहयोग रहा।



