रांची में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, 12 भवनों को नोटिस जारी

रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अतिक्रमण

रांची : रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों और फुटपाथों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही बिना स्वीकृत भवन प्लान के निर्माण, आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग, सेटबैक क्षेत्र के अतिक्रमण और भवन उपविधियों के उल्लंघन के मामलों में 12 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए।

Read More : रांची सदर अस्पताल पहुंचे DC मंजूनाथ भजन्त्री, चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित भवनों को सील करने सहित झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 और झारखंड भवन उपविधि-2016 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कई प्रमुख मार्गों पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) और अरगोड़ा चौक से डिब्डीह पुल तक अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक तक चार ठेले, टेबल, बेंच और अन्य सामान जब्त किए गए तथा दो अवैध अस्थायी दुकानों को हटाया गया। वहीं फिरायालाल क्षेत्र में फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाते हुए चार ठेले जब्त किए गए और सड़क किनारे संचालित ठेला-खोमचों को हटाया गया। अरगोड़ा चौक से डिब्डीह पुल तक भी सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

भवन नियमों के उल्लंघन पर नोटिस

नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त कार्रवाई में अरगोड़ा बायपास रोड स्थित 12 भवनों में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। इनमें आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग, स्वीकृत सेटबैक क्षेत्र पर अतिक्रमण, गिफ्ट डीड से संबंधित भूमि पर कब्जा और भवन उपविधियों के उल्लंघन के मामले शामिल हैं। सभी संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

अभियान रहेगा जारी

रांची नगर निगम ने कहा कि शहर में अतिक्रमण, भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नागरिकों और भवन स्वामियों से भवन निर्माण एवं उपयोग से जुड़े नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक भूमि और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *