पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र स्थित शेखपुर इलाके में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे केलस्टार स्पंज लिमिटेड कारखाने के स्टील मेल्टिंग शॉप फर्नेस में धमाका हो गया। इस हादसे में 4 श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गये हैं। सभी को इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके से सहमे आसपास के लोग
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग सहम उठे। घटना के बाद कारखाना परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। अपने परिजनों की चिंता में स्थानीय ग्रामीण तुरंत कारखाने के बाहर जमा होने लगे।
हादसे के वक्त फर्नेस से पिघला हुआ लोहा चारों तरफ फैल गया, जिससे शुरुआत में राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही एसीपी (सेंट्रल) समेत जामुड़िया थाने की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुर्गापुर रेफर किये गये झुलसे मजदूर
हादसे में झुलसे चारों मजदूरों को पहले रानीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दुर्गापुर के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. फिलहाल किसी भी श्रमिक की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे
घटना के बाद कारखाना प्रबंधन और मजदूरों के बीच तनाव और चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र में होते रहते हैं ऐसे हादसे
जामुड़िया के औद्योगिक क्षेत्र में नियमित अंतराल पर फर्नेस ब्लास्ट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले सामने आते रहते हैं। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों में बार-बार हो रहे ऐसे हादसों को रोकने और सुरक्षा-व्यवस्था को कड़ा करने के लिए राज्य मुख्यालय स्तर पर बातचीत की जा रही है।




