रांची पुलिस ने दलादली टीओपी नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से फिरौती के लिए अगवा की गई पांच वर्षीय बच्ची को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में बिहार के गया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को बच्ची के अपहरण की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी शाखा और गया पुलिस के सहयोग से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर गया जंक्शन के पास एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया. आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
रकम नहीं देने पर बच्ची की हत्या की दी धमकी
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वह पीड़िता के घर के पास किराये पर रहता था. उसने पैसों के लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर गया ले जाकर परिजनों से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर बच्ची की हत्या की धमकी दी. उसके दो साथी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम वसूलने में सहयोग किया. आरोपियों ने धमकी देकर परिजनों से ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपये भी वसूल लिए थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.




