रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर परीक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
Read More : सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर इरफान अंसारी की अपील, बोले- बेहतर इलाज सुनिश्चित हो
बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने की। इसमें सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शी संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
केंद्राधीक्षकों को दिए गए जरूरी निर्देश
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बुंडू छविबाला बारला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, सुरक्षा प्रबंध मजबूत रखने, समयबद्ध संचालन करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा के दिन निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।

तीन पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने दावा किया कि परीक्षा को नकल-मुक्त, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
Read More : हॉकी झारखंड समिति भंग हो, खिलाड़ियों का सम्मान सबसे जरूरी : बंधु तिर्की




