पटना : बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ के सामने बने मंच से बिहार पुलिस के उपयोग के लिए 84 नए वाहनों का लोकार्पण किया। इनमें 48 पुलिस बसें, 30 चार पहिया वाहन समेत अन्य वाहन शामिल हैं। इस अवसर पर सीएम ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
Read More : बिहार पंचायती राज विभाग का सख्त रुख : 1 प्रतिशत से कम खर्च करने वाले मुखिया और पंचायत सचिवों पर गिरेगी गाज
लोकार्पण से पहले सीएम ने अधिकारियों से नए पुलिस वाहनों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के शामिल होने से राज्य में पुलिसिंग की कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को अधिक सुविधा मिलेगी।
पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था होगी मजबूत
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिहार पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से अपराध नियंत्रण, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इन वाहनों से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, गश्ती व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और आम लोगों को बेहतर सुरक्षा एवं पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।
डीजीपी ने पौधा भेंट कर किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सीएम सम्राट चौधरी का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया।




