गढ़वा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गढ़वा जिला प्रशासन मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से अभियान चला रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
Read More : गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद नेटवर्क से जुड़े पांच और आरोपी गिरफ्तार
अभियान के तहत गढ़वा जिले ने अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिले में कुल 8 लाख 62 हजार 92 गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 5 लाख 55 हजार 677 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 644 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन और 5 लाख 55 हजार 30 प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा सफल सत्यापन किया जा चुका है।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की प्रगति
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4 लाख 26 हजार 661 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लिया गया है। अब तक 2 लाख 55 हजार 11 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 392 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन और 2 लाख 54 हजार 616 प्रपत्रों का सफल सत्यापन किया जा चुका है।
वहीं, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 4 लाख 35 हजार 431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां भी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा हो गया है। अब तक 3 लाख 666 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 439 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 3 लाख 414 प्रपत्रों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब भी बीएलओ घर पहुंचे, मतदाता आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र सही व पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें। साथ ही अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं का सक्रिय सहयोग ही शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।




