रांची : झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 और 18 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 20 जुलाई तक गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Read More : देवघर बाबा मंदिर : श्रावणी मेले में नहीं चलेगा VIP कल्चर, रविवार-सोमवार को शीघ्रदर्शनम भी बंद
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती हिस्सों के खूंटी और गुमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 18 जुलाई को मध्यवर्ती एवं उत्तर-पश्चिम से सटे लातेहार और चतरा जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
20 जुलाई तक आकाशीय बिजली का खतरा
IMD के मुताबिक, 20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इसे देखते हुए किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मंझरी में सबसे ज्यादा बारिश, पाकुड़ सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 66 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझरी में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 36.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस महसूस की गई।
Read More : 70 हजार वसूली मामले में लठेया ओपी प्रभारी धर्मबीर यादव सस्पेंड
मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, बीच-बीच में बारिश होगी और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की स्थिति भी बन सकती है।




