बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को झटका, पूर्व प्रत्याशी केसी सिन्हा ने थामा BJP का दामन

पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में जनसुराज के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा

केसी सिन्हा

पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में जनसुराज के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

Read More : रांची में कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा, तैयारियां पूरी

केसी सिन्हा के साथ जनसुराज के कई प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें दीघा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह और मनेर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह भी शामिल हैं।

जनसुराज के साथ शुरुआत से जुड़े थे केसी सिन्हा

प्रो. केसी सिन्हा का जन्म 29 दिसंबर 1954 को भोजपुर में हुआ था। वे गणित के प्रख्यात शिक्षाविद हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र से की और पटना विश्वविद्यालय के प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त होने के बाद नालंदा ओपन विश्वविद्यालय के कुलपति (वाइस चांसलर) के रूप में भी कार्य किया। वे जनसुराज अभियान की शुरुआत से प्रशांत किशोर के साथ जुड़े रहे और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जन संवाद कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

2025 में कुम्हरार से लड़ा था विधानसभा चुनाव

साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में प्रो. केसी सिन्हा ने जनसुराज के टिकट पर पटना की कुम्हरार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। त्रिकोणीय मुकाबले में उन्हें 15,017 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर भाजपा के संजय कुमार विजयी रहे, जबकि कांग्रेस के इंद्रदीप चंद्रवंशी दूसरे स्थान पर थे।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर NDA की रणनीति तैयार

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर NDA ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा नेता नितिन नवीन के आवास पर भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की करीब डेढ़ घंटे तक बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों के लगभग 200 पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक में चुनाव प्रचार को टीम वर्क के आधार पर चलाने और पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में जीत का अंतर दोगुना करने का लक्ष्य तय किया गया। सभी सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

स्टार प्रचारकों की सूची जारी

भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित 40 मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य नेता प्रचार करेंगे। सूची में सांसद, गायक और अभिनेता मनोज तिवारी तथा गायक पवन सिंह का नाम भी शामिल है। चुनाव प्रचार के लिए NDA ने दो अलग-अलग टीमें बनाने का फैसला किया है। एक टीम घर-घर जनसंपर्क करेगी, जबकि दूसरी टीम विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से संवाद कर चुनावी माहौल का आकलन करेगी।

30 जुलाई को होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के 16 वार्डों के करीब 3.79 लाख मतदाता 30 जुलाई को मतदान करेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *