रांची : बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र का असर अब झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 16 और 17 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
Read More : रांची में चाय दुकानों पर ई-सिगरेट और हुक्का फ्लेवर की बिक्री, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।
17 जुलाई तक इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 जुलाई को रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मौसम बदलने की संभावना है। वहीं 17 जुलाई को गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को रांची में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा में 22 मिमी और जमशेदपुर में 4.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसी दिन रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 32.4 डिग्री, मेदिनीनगर का 35.4 डिग्री और बोकारो का 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में अब तक 41 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 14 जुलाई 2026 तक झारखंड में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य रूप से 326 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस बार केवल 193.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। रांची में भी सामान्य 336.3 मिमी के मुकाबले 263.8 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 22 प्रतिशत कम है। विभाग के अनुसार जिन क्षेत्रों में बारिश कम होगी, वहां गर्मी और उमस बनी रह सकती है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और कोडरमा में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि शाम के समय मौसम बदलने से लोगों को राहत मिल सकती है।
तेज हवा और वज्रपात का भी अलर्ट
बारिश के प्रभाव से रांची, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और नेतरहाट क्षेत्र में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, बोकारो, दुमका और पाकुड़ में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, पलामू, गिरिडीह और गुमला में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थान पर रहने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।




