रांची : सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल, गांधीनगर (कांके रोड) में 17 जुलाई को नि:शुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच कर चिकित्सीय सलाह देंगे। शिविर में मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव राठी हृदय रोग से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे और आवश्यक परामर्श देंगे।
read more : 14वीं JPSC PT में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का घेराव
सीसीएल ने हृदय रोग से ग्रसित सभी मरीजों से इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। मरीजों से कहा गया है कि यदि उनके पास पुराने इलाज या जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध हो, तो उसे अपने साथ अवश्य लेकर आएं। सीसीएल द्वारा समय-समय पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित कर विभिन्न बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को उनके घर के निकट ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और अधिक से अधिक लोगों को आधुनिक इलाज का लाभ पहुंचाना है।



