गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक बार फिर बम की धमकी से हड़कंप मच गया। इस बार ई-मेल के जरिए एमिटी स्कूल, सालवन पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जांच में पता चला है कि यह ई-मेल बांग्लादेश के आईपी एड्रेस से भेजा गया है। ई-मेल में 17 जुलाई को जींद में होने वाली पीएम मोदी की रैली में भी बम विस्फोट की धमकी दी गई है। सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
स्कूलों से बच्चों और कर्मचारियों को निकाला गया
धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर सभी संबंधित परिसरों से बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी कर दी गई और सभी बच्चों को अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया। फिलहाल सभी स्थानों पर गहन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बांग्लादेश के आईपी एड्रेस से भेजा गया ई-मेल
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी भरा ई-मेल बांग्लादेश के आईपी एड्रेस से भेजा गया है। मेल में सिर्फ गुरुग्राम के स्कूलों और मिनी सचिवालय को ही नहीं, बल्कि 17 जुलाई को जींद में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। धमकी के बाद गुरुग्राम के साथ-साथ जींद पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है। अभी तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।




