पटना : बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने बीती देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के कुल 20 अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2014 से 2022 बैच तक के आईएएस अधिकारियों के साथ कई वरिष्ठ बिहार प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
Read More : गया में विधायकों का दो दिवसीय प्रबोधन शिविर शुरू, उपराष्ट्रपति ने किया उद्घाटन
इस फेरबदल के तहत राज्य मुख्यालय के कई विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वहीं, कई जिलों में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और जिला परिवहन पदाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।
कई IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
2014 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार, जो राज्य निर्वाचन आयोग में विशेष कार्य पदाधिकारी थे, अब नगर विकास एवं आवास विभाग में अपर सचिव के रूप में कार्य करेंगे। 2016 बैच के मनोरंजन कुमार को शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। बिहार राज्य भंडार निगम के प्रबंध निदेशक रहे डॉ. गगन को गयाजी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसी बैच के विधु भूषण चौधरी को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से उद्योग विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
Read More : फर्जी डिग्री का बड़ा खेल बेनकाब, 3035 शिक्षक बर्खास्त, 1830 पर FIR
2017 बैच के कृत्यानंद रंजन को नालंदा का नगर आयुक्त बनाया गया है। मनोज कुमार को उद्योग विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी मिली है, जबकि हेमंत कुमार सिंह को बिहार लोक सेवा आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। 2020 बैच के प्रदीप सिंह को उनके वर्तमान पद के साथ बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अपर प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 2021 बैच की आईएएस अधिकारी सारा अशरफ को उद्योग विभाग में खाद्य प्रसंस्करण निदेशक बनाया गया है। वहीं, 2022 बैच के निशांत सिहारा को मुजफ्फरपुर जिला परिषद का उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
BAS अधिकारियों में भी व्यापक बदलाव
बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले में वैशाली के अपर समाहर्त्ता संजय कुमार को शिवहर जिला परिषद का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। कुमारी अनुपम सिंह को औरंगाबाद जिला परिषद, राकेश कुमार को शेखपुरा जिला परिषद और आदित्य कुमार पियूष को जहानाबाद जिला परिषद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन्द्रवीर कुमार को सुपौल जिला परिषद का उप विकास आयुक्त तथा अरुण प्रकाश को भोजपुर जिला परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक आनंद को मधेपुरा और सोनी कुमारी को पूर्णिया का जिला परिवहन पदाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा झंझारपुर के एसडीओ कुमार गौरव को दरभंगा सदर का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। शाहिद परवेज को नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि आनंद उत्सव को मुजफ्फरपुर पूर्वी का नया अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य मुख्यालय और जिला प्रशासन दोनों स्तरों पर कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद सभी अधिकारी जल्द ही अपने नए पदों का कार्यभार संभालेंगे।
Read More : खान सर की अग्रिम जमानत पर आज फैसला, पटना अदालत में होगी अहम सुनवाई




