रांची : रांची नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में स्थापना शाखा और पेंशन शाखा के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित पेंशन मामलों, भुगतान प्रक्रिया और पेंशनभोगियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
Read More : एम्स में पूरा हुआ दिव्यानी लिंडा के भाई का इलाज, संजय सेठ बोले- जल्द शुरू करेगा नया जीवन
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में नगर निगम के कुल 388 पेंशनभोगी और 106 पारिवारिक पेंशनभोगी हैं। नगर आयुक्त ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए विलंब के कारणों की जानकारी ली और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में लंबित पेंशन भुगतान के निर्देश
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन पेंशनभोगियों की तीन माह से पेंशन लंबित है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर हर हाल में भुगतान किया जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में पारिवारिक पेंशन से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर सक्षम स्तर पर निर्णय लेने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
Read More : 23 अगस्त को रांची में सजेगा ‘अपने-अपने श्याम’ दरबार, पोस्टर जारी
11 जुलाई को लगेगा विशेष शिविर
नगर आयुक्त ने 11 जुलाई 2026 को नगर निगम कार्यालय में पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। शिविर में संबंधित लाभार्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराते हुए उनके मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिविर की कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन 13 जुलाई 2026 को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पेंशन से जुड़े प्रत्येक मामले का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में सहायक नगर आयुक्त दिलीप कुमार, लेखा पदाधिकारी, स्थापना शाखा प्रभारी, शाखा सहायक तथा स्थापना शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Read More : श्री श्याम मित्र मंडल ने कराया 211वां सुंदरकांड पाठ, गूंजा भक्तिमय माहौल




