रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी स्थित बीजेपी कार्यालय के पास श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। वही हादसे में एक शख्स के घायल होने की सूचना है, जिसका इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जांघरो गांव रहने वाले थे. वे धार्मिक आस्था के साथ रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. इसी दौरान कुजू के पैंकी के पास उनकी गाड़ी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक साथ 13 लोगों की मौत की खबर से मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। अस्पताल में भी परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो को हाईवे पर अज्ञात वाहन टक्कर मारकर चला गया। पुलिस उस वाहन की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसी, एसपी सहित जिले के तमाम पदाधिकारी घटनास्थल के साथ-साथ सदर अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली. वहीं एसडीपीओ आलोक रंजन ने घटना में मरने वालों की पुष्टि की है।
घटनास्थल पर पहुंची रामगढ़ पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुरी तरह पिचक चुकी गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला। सभी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 13 को मृत घोषित कर दिया। जान गंवाने वालों में पांच पुरुष, चार महिलाएं और चार मासूम बच्चे शामिल हैं।
हादसे में एक बचा युवक अस्पताल में भर्ती
बता दें कि स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें केवल एक ही शख्स की सांसें चलती मिलीं। जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल पर पहुंचे डीसी और एसपीघटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो की आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहरइस हादसे से नालंदा के जंघारो गांव के साथ रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर है। जिस परिवार ने रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना कर खुशियां मनाने की तैयारी की थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
also read : एआई के दौर में भी पत्रकारिता की कसौटी सत्य, विश्वसनीयता और भाषा


