भाजपा ने आरोप पत्र जारी कर सरकार से कई मुद्दों पर मांगा जवाब

रांची: झारखंड भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल को लेकर जनता का चार्जशीट जारी किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत सोरेन सरकार के पार्ट-वन और

भाजपा ने आरोप पत्र जारी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल को लेकर जनता का चार्जशीट जारी किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत सोरेन सरकार के पार्ट-वन और पार्ट-टू के कार्यकाल को मिलाकर सात वर्ष पूरे होने पर सरकार के खिलाफ तैयार की गई चार्जशीट पुस्तिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि आज झारखंड सरकार अपनी सातवीं वर्षगांठ मना रही है। हेमंत सोरेन के दोनों कार्यकाल को मिलाकर सरकार के सात वर्ष पूरे हो चुके हैं। लेकिन बड़े दुख की बात है कि जिस सोच और सपने के साथ अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने झारखंड राज्य का गठन किया था, उस सपने को इस सरकार ने पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पिछले सात वर्षों से झारखंड अपनी दुर्दशा झेलने को मजबूर है।
भाजपा का आरोप है कि अबुआ सरकार का नारा देकर सत्ता में आई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। सात वर्षों के शासन में विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा, आदिवासी अधिकार और जैसे मुद्दों पर सरकार की विफलता सामने आई है। पार्टी ने आरोप पत्र के जरिए सरकार से विभिन्न वादों और घोषणाओं का हिसाब मांगा है।

निशा भगत, रूपा तिर्की और सूर्या हांसदा की मौत पर उठाए सवाल

भाजपा ने चार्जशीट में आदिवासी समाज की सुरक्षा और अस्मिता को प्रमुख मुद्दा बनाया है. इसमें निशा भगत, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा, पड़हा राजा सोमा मुंडा, रामेश्वर मुर्मू और संध्या टोप्पो की मौत के मामलों का उल्लेख करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं।

आरोप पत्र में आदिवासी छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की बदहाली, युवाओं के रोजगार और पलायन तथा पेसा कानून के क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार को घेरा गया है। इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अपराध, गम्हरिया थाना परिसर में दुष्कर्म, गोड्डा में मिशन से जुड़े व्यक्ति पर शोषण और गर्भपात के आरोप तथा होटवार जेल में सामूहिक यौन उत्पीड़न के मामले का जिक्र किया गया है।

भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए आरोप पत्र में अपहरण, चोरी, हत्या और महिला अपराध के आंकड़े पेश किए हैं। चार्जशीट में तुपुदाना में दुष्कर्म पीड़िता को एफआईआर दर्ज कराने के लिए चार दिनों तक थाना दौड़ाने, रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने और पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी व हिरासत में कथित पिटाई का मुद्दा उठाया गया है।

भाजपा ने राज्य के प्रमुख संवैधानिक और संस्थागत निकायों में रिक्त पदों को लेकर भी सरकार को घेरा है.।पार्टी के मुताबिक महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, सूचना आयोग, मानवाधिकार आयोग और जेपीएससी में अध्यक्षों एवं सदस्यों के कुल 23 पद रिक्त हैं।

भ्रष्टाचार और खनन राजस्व को लेकर सरकार से मांगा जवाब

आरोप पत्र में वित्तीय अनियमितताओं और कथित घोटालों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया है। भाजपा ने राज्य के कोषागार से करीब 28 हजार करोड़ रुपये गायब होने का आरोप लगाते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। बड़गाई जमीन घोटाला, बोकारो में कथित 631 करोड़ रुपये का घोटाला, डीएमएफटी फंड, जल जीवन मिशन, शराब और ट्रेजरी घोटाले का उल्लेख किया गया है।

इसके साथ ही पूजा सिंघल और छवि रंजन की सेवा में बहाली, बरहेट में जमीन कब्जे, बालू घाटों के संचालन और अंचल-प्रखंड कार्यालयों में कथित अवैध वसूली के मुद्दे भी उठाए गए हैं।

खनन राजस्व की तुलना ओडिशा से करते हुए भाजपा ने कहा है कि झारखंड अपनी खनिज संपदा के अनुरूप राजस्व अर्जित नहीं कर पा रहा है. पार्टी ने बंद खदानों, खदानों की नीलामी और खनिज उपकर में वृद्धि को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

भाजपा ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए हर साल पांच लाख नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे की याद दिलाई है। चार्जशीट में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही और पीजीटी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का उल्लेख किया गया है. परीक्षा में ब्लैकलिस्टेड कंपनी को जिम्मेदारी देने और आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का भी आरोप लगाया गया है।

स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पार्टी ने दावा किया है कि राज्य में 1,422 डॉक्टरों के पद खाली हैं और करीब नौ हजार स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कम घरों तक नल से जल पहुंचने और 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाया गया है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

चार्जशीट पुस्तिका विमोचन कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, राकेश प्रसाद, रांची विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह  उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *