रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार, 28 नवंबर 2026 को राजकीय मध्य विद्यालय, नगड़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। CCL जन आरोग्य केंद्र, गांधीनगर की ओर से आयोजित इस शिविर में कुल 72 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने बच्चों को जरूरी चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।
Read More : रांची में नगर निगम की कार्रवाई, 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की सिफारिश
72 बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच
शिविर में चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक सलाह दी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करने के साथ उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। CCL अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता के तहत समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहा है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का रहा योगदान
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. प्रीति तिग्गा, सीएमओ, सीएसआर एवं इंचार्ज, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. मेघा और श्री मुन्ना कुमार सिंह का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान समस्त पैरामेडिकल स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। CCL जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।



