सिल्ली में वीर बुली महतो की जयंती मनी, सुदेश महतो बोले- इतिहास में दिलाएंगे उचित सम्मान

रांची (सिल्ली) : झारखंड के महान क्रांतिकारी और कोल विद्रोह के अग्रणी सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती शुक्रवार को सिल्ली स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में

वीर बुली महतो

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची (सिल्ली) : झारखंड के महान क्रांतिकारी और कोल विद्रोह के अग्रणी सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती शुक्रवार को सिल्ली स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वीर बुली महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उनके वंशज प्रदीप कुमार महतो, गांव के युवाओं और उनके जीवन एवं संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

Read More : बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग को बढ़ावा दे रहा रांची नगर निगम, महिलाओं ने संभाली कमान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वीर बुली महतो जैसे क्रांतिकारियों का इतिहास किसी एक परिवार, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। यह पूरे झारखंड की साझा ऐतिहासिक विरासत है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ साहस के साथ संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। सुदेश महतो ने कहा कि उस दौर में न संसाधन थे और न सत्ता का संरक्षण, लेकिन अपने समाज, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा का अदम्य संकल्प था। वीर बुली महतो ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता चुना और इसके लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

इतिहास में उचित सम्मान नहीं मिलने पर जताई चिंता

आजसू अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और आजादी के लिए संघर्ष करने वाले कई वीर नायकों को इतिहास में वह सम्मान और स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। वीर बुली महतो का योगदान भी लंबे समय तक अपेक्षित पहचान से वंचित रहा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक महानायक के साथ अन्याय नहीं, बल्कि झारखंड की ऐतिहासिक चेतना और संघर्षशील समाज के योगदान की अनदेखी है। झारखंड का इतिहास उन वीर सपूतों के संघर्ष के बिना अधूरा है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन और अपनी पहचान की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।

नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी वीर बुली महतो की गाथा

सुदेश कुमार महतो ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने पुरखों के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना जरूरी है। जिस समाज को अपने नायकों का इतिहास मालूम नहीं होता, वह अपने भविष्य की दिशा मजबूती से तय नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है। उनके विचारों, संघर्ष और आदर्शों को सामाजिक चेतना का हिस्सा बनाना होगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और पहचान की लड़ाई लड़नी चाहिए।

कोड़ाडीह में संस्था और प्रतिमा स्थापित करने की पहल

कार्यक्रम के दौरान सुदेश कुमार महतो ने घोषणा की कि आजसू पार्टी वीर बुली महतो की ऐतिहासिक विरासत को पहचान और सम्मान दिलाने के लिए ठोस पहल करेगी। इसके तहत उनकी जन्मस्थली सोनाहतु प्रखंड की लांदुपडीह पंचायत स्थित कोड़ाडीह गांव में जमीन चिह्नित कर एक संस्था स्थापित करने और उनकी प्रतिमा लगाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीर बुली महतो के जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों का संकलन कर उन्हें व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उनकी वीरगाथा को इतिहास के हाशिये पर नहीं रहने दिया जाएगा। सुदेश महतो ने कहा, “वीर बुली महतो की पहचान और योगदान को सम्मानजनक स्थान दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। झारखंड के महापुरुषों और आंदोलनकारियों को उनका उचित सम्मान मिलना चाहिए। यह किसी पर उपकार नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति हमारा दायित्व है।”

शोधकर्ता ने भूमिज विद्रोह में योगदान की दी जानकारी

कार्यक्रम में वीर बुली महतो के जीवन और संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो ने अपने शोध के आधार पर उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीर बुली महतो ने क्षेत्र में हुए भूमिज विद्रोह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस अवसर पर केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चित्तरंजन महतो, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, लक्ष्मण महतो, मुखिया कन्हैया लोहरा, संबत बड़ाइक, सुभाष महतो, मनोज साव, शशि सोनार, शत्रुघ्न महतो, विकास महतो, गणेश महतो, बुधराम महतो, नवल किशोर महतो और महावीर महतो सहित बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *