रामगढ़: जिले के चितरपुर काली चौक के समीप आज गुरुवार अहले सुबह करीब 3 बजे टाटा मैजिक और हाइवा की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
बारात से लौट रहे थे सभी लोग
जानकारी के अनुसार, गोला प्रखंड के संग्रामपुर और पतरातू गांव के कुछ लोग ताशा पार्टी और शीशमहल लाइट लेकर रामगढ़ के टायर मोड़ में एक बारात में गये थे। बारात संपन्न होने के बाद सभी टाटा मैजिक से वापस लौट रहे थे।इसी दौरान चितरपुर के पास विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा (जेएच02बीजेड-3351) ने टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी।
दो युवकों की मौके पर मौत, तीन गंभीर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि संग्रामपुर निवासी संदीप कुमार महतो और पतरातू निवासी सुनील नायक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं, वाहन में सवार गोला के मठवाटांड़ निवासी गंभीर महतो समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गये। सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना के एसआइ निरंजन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा
वहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
also read : पलामू में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, घर लौट रही सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त; 15 घायल



