धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खुदिया नदी पुल के पास बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब पुल के एक पिलर से रस्सी के सहारे लटका एक व्यक्ति का शव मिला। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार सुबह कुछ स्थानीय लोग शौच के लिए नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पुल के पिलर से लटक रहे शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोग सहम गए। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
also read : झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे विभु बाखरू, 27 नवंबर को जस्टिस एमएस सोनक को फुलकोर्ट फेयरवेल
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को रस्सी के सहारे नीचे उतारा। इसके बाद मृतक की पहचान के लिए उसके कपड़ों की तलाशी ली गई। इस दौरान उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ।
आधार कार्ड पर नरेश कुमार विश्वकर्मा, निवासी आनंद नगर, सरायढेला, धनबाद का नाम दर्ज है। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
also read : होटल उपकार में शादी समारोह के दौरान फायरिंग, एक की मौत, एक घायल



