कार्तिक पूर्णिमा पर जमशेदपुर के घाटों पर आस्था की डुबकी, सरयू राय ने भी किया स्नान

जमशेदपुर : कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही सोनारी के दोमुहानी नदी घाट और मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। महिला,

कार्तिक पूर्णिमा

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर : कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही सोनारी के दोमुहानी नदी घाट और मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। महिला, पुरुष और बच्चों ने पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। शहर के प्रमुख नदी घाटों पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी सोनारी स्थित दोमुहानी नदी घाट पहुंचे। उन्होंने यहां स्नान किया और कार्तिक पूर्णिमा तथा देव दीपावली के धार्मिक महत्व पर अपनी बात रखी।

Read More : झारखंड में RSS बदलेगा संगठन का ढांचा, 3 संभागों में बंटेगा राज्य

सरयू राय ने बताया कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक महत्व

सरयू राय ने कहा कि सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस दिन स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करना अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार, पवित्र नदियों में स्नान करने और जरूरतमंदों की सहायता करने से विशेष पुण्य मिलता है। यह पर्व लोगों को सेवा, त्याग, सद्भाव और परोपकार की भावना से जोड़ता है। देव दीपावली के महत्व पर उन्होंने बताया कि इसका संबंध भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर विजय से है। मान्यता है कि भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचार से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। सरयू राय ने कहा कि दीपदान अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। साथ ही समाज में आध्यात्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।

गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारों में उमड़े श्रद्धालु

कार्तिक पूर्णिमा के साथ मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सिख समुदाय के लोगों ने विभिन्न गुरुद्वारों में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। इस दौरान गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया गया। लोगों ने मानव सेवा, समानता, सत्य और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।

घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती

नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने सेवा शिविर लगाए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला पुलिस ने भी व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख घाटों और आसपास के रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी इंतजाम किए गए थे। इस तरह जमशेदपुर में कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और गुरु नानक जयंती को लेकर पूरे दिन धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *