बहराइच. जिले में मंगलवार देर रात एक तेंदुए ने सुजौली थाना क्षेत्र के ईदगाह पुरवा गांव में घर के भीतर घुसकर छह साल की बच्ची पर हमला कर दिया। जंगल की ओर से आए तेंदुए ने खटिया पर मच्छरदानी के अंदर सो रही दिव्या को जबड़े में दबोच लिया और बाहर की ओर खींचने लगा। इसी दौरान बच्ची की मां जाग गई और साहस दिखाते हुए तेंदुए की पकड़ से बेटी को छुड़ा लिया।
घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। तेंदुआ दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और सो रही बच्ची पर झपट पड़ा। बच्ची को घसीटे जाने की आहट से मां की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि तेंदुआ उनकी बेटी को अपने जबड़े में दबाकर ले जा रहा है।
मां ने बिना देर किए तेंदुए का सामना किया और बच्ची को अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मां और ग्रामीणों के विरोध के बाद तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
हमले में दिव्या के गले, सिर, कान और बांह पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्ची की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पहले भी हो चुके हैं हमले
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव और आसपास के इलाकों में तेंदुए की गतिविधियां पहले भी सामने आ चुकी हैं। उनका दावा है कि इससे पहले तेंदुआ गांव में तीन बार हमला कर चुका है।इसके अलावा घरों के दरवाजों पर बंधी बकरियों को भी अपना शिकार बना चुका है।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी है। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
also read : मजदूर नेता स्वर्गीय आनंदी सिंह की पुण्यतिथि पर मजदूरों ने दी श्रद्धांजलि





