पूर्वी सिंहभूम : जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के छह लोगों को पकड़ा है। इनमें एक बालिग और पांच नाबालिग शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गयी हैं। मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की जानकारी दी गयी।
Read More : रामसेवक सिंह बने झारखंड जदयू के प्रभारी, दूसरी बार मिली जिम्मेदारी
SSP डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए खास अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाने की अलग-अलग टीमें बनायी गयी थीं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी करने के साथ-साथ वाहनों की जांच भी कर रही थीं। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की और छह युवकों को दबोच लिया। उनसे पूछताछ की गयी तो चोरी की बाइक का राज खुल गया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी की 10 स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली गयीं।
एक बालिग आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए छह युवकों में पांच विधि-विरुद्ध किशोर हैं। बालिग आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि किशोरों के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस बरामद बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर रही है। साथ ही, इन वाहनों से जुड़े चोरी के मामलों का भी सत्यापन किया जा रहा है।
बांदना पर्व मेले से बाइक चोरी का भी खुलासा
इधर, धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक अन्य मामले का भी खुलासा किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद लागुरी ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना गेट के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे दो युवकों को रोका। बाइक के कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने 13 नवंबर को मुड़ाकाटी गांव में आयोजित बांदना पर्व मेले से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। इस मामले में फुदान हांसदा (19) और चेंगजोड़ा गांव के एक नाबालिग को पकड़ा गया था।
मास्टर-की बरामद, बंगाल और ओडिशा में बाइक बेचने की जानकारी
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की बाइक और लॉक खोलने में इस्तेमाल होने वाली मास्टर-की बरामद की गई है। पूछताछ में पश्चिम बंगाल और ओडिशा के चोर बाजारों में चोरी की बाइक बेचने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मुसाबनी, गालूडीह और कपाली क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोहों से संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
एसएसपी के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अब चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ और बरामद वाहनों के सत्यापन के बाद जिले में बाइक चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।





