पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर स्थित गोविंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से टाटा मोटर्स के क्रेन ऑपरेटर सपन कुमार (48) की मौत हो गई। वह टाटा मोटर्स कंपनी परिसर में कार्यरत थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि सपन कुमार ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सपन कुमार छोटा गोविंदपुर के जनता मार्केट इलाके में किराये के मकान में अकेले रहते थे। मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से शराब पीने को लेकर उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था।
Read More : निशा भगत मामले में गिरफ्तारी की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
शराब पीने को लेकर पत्नी से होता था विवाद
मृतक की पत्नी के अनुसार, सपन कुमार अत्यधिक शराब पीते थे। इस वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। घरेलू विवाद से परेशान होकर पत्नी 18 अक्टूबर से अपने मायके में रह रही थीं। गुरुवार सुबह मकान मालिक ने फोन कर सपन कुमार की पत्नी को बताया कि उनके पति नशे की हालत में घर से बाहर निकले हैं। सूचना मिलने के बाद पत्नी मकान पर पहुंचीं। वहां उन्हें सपन कुमार का मोबाइल फोन घर में ही मिला।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत की मिली सूचना
पत्नी के मकान पहुंचने के कुछ समय बाद परिजनों को सपन कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में जानकारी सामने आ सकेगी।






