नई दिल्ली : PM मोदी ने भाजपा मुख्यालय में हुए दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों को दिवाली और छठ की बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने दिनों को याद किया और अपने राजनीतिक सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी सुनाये। उन्होंने कहा कि जब से वह सरकार में आये हैं, तब से उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां काफी बदल गयी हैं, लेकिन मीडिया के लोगों के साथ उनका पुराना नाता आज भी बना हुआ है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि त्योहार के समय हर कोई अपने परिवार और करीबी लोगों के साथ वक्त बिताना चाहता है। लेकिन पत्रकारों की नौकरी ही ऐसी है कि त्योहार हो या छुट्टी, उन्हें ब्रेकिंग न्यूज के पीछे भागते रहना पड़ता है। ऐसे में भी अपना कीमती समय निकालकर दिवाली मिलन समारोह में पहुंचने वाले सभी पत्रकारों का उन्होंने शुक्रिया अदा किया।
Read More : झारखंड में 12 से 18 नवंबर तक 16 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट
प्रेस विज्ञप्ति से इंस्टाग्राम रील्स तक का सफर
PM मोदी ने मीडिया के साथ अपने लंबे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस विज्ञप्तियों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक मीडिया और संवाद के तरीकों में आए बदलावों को करीब से देखा है। उन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय उन्हें देशभर में निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तब प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनके पास संगठन से जुड़ी यही जिम्मेदारियां थीं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उस समय पार्टी का कार्यालय अशोक रोड पर हुआ करता था। वहां भी दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया जाता था। इन कार्यक्रमों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियों का इंतजाम करने और पत्रकारों का ध्यान रखने की होती थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में कैमरों की संख्या कम थी, लेकिन पत्रकारों के साथ रिश्तों में अपनापन और नजदीकी बनी हुई थी।
पत्रकारों ने पहले ही बता दी थी गुजरात का CM बनने की खबर
PM मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि पिछले महीने सरकार का प्रमुख बने हुए उनके 25 साल पूरे हुए। वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बनने से पहले की एक घटना उन्हें आज भी अच्छी तरह याद है। पीएम मोदी के मुताबिक, उस समय मुख्यमंत्री बनाए जाने के फैसले की जानकारी पार्टी के केवल दो-चार वरिष्ठ नेताओं को थी। वह अपना ज्यादातर समय दिल्ली स्थित 11 अशोक रोड के पार्टी कार्यालय में बिताते थे।
एक दिन पत्रकारों का पूरा समूह उनके कमरे में पहुंच गया। उन्होंने बताया कि आमतौर पर पत्रकार उनके कमरे में इस तरह नहीं आते थे। लेकिन उस दिन वे सीधे उनके पास पहुंच गए। पत्रकारों ने उनसे कहा कि उन्हें मिठाई खिलानी होगी। जब उन्होंने मिठाई बांटने की वजह पूछी, तो पत्रकारों ने कहा कि वह गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन पत्रकार अपनी बात पर अड़े रहे और कहा कि उन्हें सब पता है।
अपने खर्च पर शपथग्रहण समारोह में पहुंचे थे पत्रकार
PM मोदी ने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के फैसले की जानकारी उस समय बहुत कम लोगों को थी। इसके बावजूद पत्रकारों के पूरे समूह को इसकी भनक लग गई थी और उनकी बात सही निकली। उन्होंने कहा कि उस समय पत्रकारों के सवालों का जवाब देना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात से हुई कि वर्ष 2001 में जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो उनके कई पत्रकार मित्र अपने खर्च पर और अपनी व्यवस्था करके समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे पत्रकार वहां केवल कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करने नहीं आए थे, बल्कि अपने पुराने संबंधों और जुड़ाव के कारण समारोह में शामिल हुए थे।
25 वर्षों में देश, दुनिया और मीडिया का तरीका बदला
PM मोदी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में देश, दुनिया और राजनीति करने का तरीका काफी बदल गया है। तकनीक में आए बदलावों ने मीडिया की दुनिया को भी पूरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि तकनीक ने पारंपरिक मीडिया संस्थानों के काम को कुछ आसान बनाया है, लेकिन उनके सामने नई चुनौतियां भी खड़ी की हैं। पहले बड़ी-बड़ी ओबी वैन (आउटडोर ब्रॉडकास्टिंग वैन) के साथ काम करना पड़ता था, जबकि अब एक मोबाइल फोन ही ओबी वैन की तरह काम कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज हर व्यक्ति का अपना मंच, चैनल और पॉडकास्ट है। उन्होंने पुराने समय की क्रिकेट से जुड़ी कहावत का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले हर गली में क्रिकेट का जानकार मिल जाता था। गांव की गलियों में बैठा व्यक्ति भी बता देता था कि सचिन तेंदुलकर ने कहां गलती की।
उन्होंने कहा कि आज स्थिति बदल गई है। अब हर गली में हर खबर का जानकार मिल जाता है। हमारी पुरानी कहावत है कि जितने मुंह, उतनी बातें। कभी-कभी ऐसा लगता है कि देश में जितने लोग हैं, उतनी ही राय भी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों की अलग-अलग राय ही भारतीय लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखती हैं। इसमें भारतीय मीडिया की भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है।


