रांची: CCL के महाप्रबंधक (विधि) जोबी वी. पी. को सीसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) पद के लिए लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) द्वारा अनुशंसित किया गया है।
जोबी वी. पी. अगस्त, 2021 से सीसीएल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें कोयला उद्योग में मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंधों एवं विधिक मामलों का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान कोयला क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों तथा कॉर्पोरेट कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।
इनके पास 32 वर्षों का व्यावसायिक अनुभव है। मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उन्होंने पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था, कर्मचारी हितों के संरक्षण तथा औद्योगिक संबंधों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उनकी शैक्षणिक योग्यता में अर्थशास्त्र में स्नातक, औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंधन में सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर, मानव संसाधन प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा विधि में स्नातक की डिग्री शामिल हैं।
जोबी वी. पी. को कोल क्षेत्र में मानव संसाधन प्रबंधन एवं कार्मिक प्रशासन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। इससे पूर्व वे वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन, सेवा संबंधी मामलों के निस्तारण, न्यायिक प्रकरणों के प्रबंधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी कार्यों तथा विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्हें मानव संसाधन से जुड़े नीतिगत एवं प्रशासनिक कार्यों का भी अच्छा अनुभव प्राप्त है।
सीसीएल परिवार की ओर से श्री जोबी वी. पी. को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


