रांची: छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला दण्डाधिकारी सह DC मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। DC ने स्पष्ट कहा कि छठ घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
इन छठ घाटों का DC ने किया निरीक्षण
मंजूनाथ भजन्त्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर पानी के स्तर और गहराई की जानकारी ली। साथ ही पूजा समितियों से तैयारियों को लेकर बातचीत की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पानी में तीन फीट की गहराई पर होगी बैरिकेडिंग
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए DC ने पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। इससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे नहीं जा सकेंगे। उन्होंने खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित करने तथा वहां चेतावनी संकेतक लगाने को कहा। श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित क्षेत्र में रहकर ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
संवेदनशील घाटों पर तैनात रहेंगी NDRF और SDRF की टीमें
अत्यधिक संवेदनशील छठ घाटों पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार गोताखोर, बचाव दल और अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। DC ने सभी पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद मिल सके।
घाटों तक जाने वाले रास्तों की होगी मरम्मत
DC ने छठ घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड को डस्ट भरकर समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया। इससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और बिजली की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण, सुचारु आवागमन और फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र के बाहर के घाटों पर भी होगी व्यवस्था
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने नगर निगम क्षेत्र से बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय पूजा समितियों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। सभी घाटों पर प्रशासनिक और पुलिस बल की आवश्यक तैनाती, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों ने DC मंजूनाथ भजन्त्री और मौजूद वरीय अधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह, पथ निर्माण, विद्युत और नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव और सागर कुमार, संबंधित वार्डों के वार्ड पार्षद तथा छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



