नई दिल्ली : देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल अदाणी ग्रुप ने अपने भविष्य के नेतृत्व को लेकर सक्सेशन प्लान (Adani Group Succession Plan) स्पष्ट कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के बाद अगली पीढ़ी के चार सदस्य कारोबार की कमान संभालेंगे। इनमें उनके बेटे करण अदाणी और जीत अदाणी के साथ भतीजे प्रणव अदाणी और सागर अदाणी शामिल हैं।
Read More : सड़क हादसे में घायल वरिष्ठ अधिवक्ता भगवान दास ने टीएमएच में तोड़ा दम
चारों को ‘G2 लीडरशिप’ नाम दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत अगली पीढ़ी को नेतृत्व केवल पारिवारिक विरासत के आधार पर नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी जिम्मेदारियों और काम के जरिए इसे हासिल करना होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक के अदाणी ग्रुप में नेतृत्व की निरंतरता और स्थिरता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था तैयार की गई है। फिलहाल चारों सदस्य अलग-अलग कारोबार और महत्वपूर्ण क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
प्रणव अदाणी संभाल रहे हैं कौन-कौन से कारोबार?
48 वर्षीय प्रणव अदाणी अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) हैं। उनके जिम्मे रियल एस्टेट, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD), खेल, प्राकृतिक संसाधन और ग्रुप की ब्रांडिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है और हार्वर्ड के ओनर/प्रेसिडेंट मैनेजमेंट प्रोग्राम (OPM) के पूर्व छात्र हैं। प्रणव ने 1999 में अदाणी विल्मर के साथ अपने नेतृत्व करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अदाणी टोटल गैस को भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी के रूप में विकसित किया।
करण अदाणी के पास पोर्ट और सीमेंट कारोबार की जिम्मेदारी
39 वर्षीय करण अदाणी पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 2009 में मुंद्रा पोर्ट के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 2016 में उन्हें अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) का CEO बनाया गया। इसके बाद 2024 में वे कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) बने। करण अदाणी फिलहाल पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स और सीमेंट कारोबार की देखरेख कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में 80,000 करोड़ रुपये से अधिक का होल्सिम (Holcim) अधिग्रहण हुआ। इसके अलावा, उन्होंने 25,000 करोड़ रुपये से अधिक के छह अन्य अधिग्रहणों की भी जिम्मेदारी संभाली।
सागर अदाणी के पास एनर्जी और फाइनेंस की कमान
32 वर्षीय सागर अदाणी ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएट हैं। वे 2015 में अदाणी ग्रुप से जुड़े थे। उन्होंने अदाणी ग्रीन एनर्जी के सोलर और विंड पोर्टफोलियो को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल वे ग्रुप के एनर्जी कारोबार के साथ फाइनेंस और कैपिटल एलोकेशन यानी पूंजी आवंटन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जीत अदाणी संभाल रहे हैं एयरपोर्ट और नए कारोबार
29 वर्षीय जीत अदाणी ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्सिलवेनिया से पढ़ाई की है। वे 2019 में अदाणी ग्रुप से जुड़े थे। फिलहाल उनके पास ग्रुप के आठ हवाई अड्डों के संचालन और उनसे जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी है। इसके अलावा, वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल्स जैसे उभरते क्षेत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं। इस तरह अदाणी ग्रुप ने अपने चारों उत्तराधिकारियों के बीच कारोबार की जिम्मेदारियां बांट दी हैं। G2 लीडरशिप के तहत चारों सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में काम करते हुए ग्रुप के भविष्य के नेतृत्व को आगे बढ़ाएंगे।


