पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा पैसेंजर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार आठ बच्चे घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं।
Read More : डॉक्टर की गवाही के बिना मानसिक बीमारी तलाक का आधार नहीं : हाईकोर्ट
रिंग रोड पर कार ने ऑटो को मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो नंबर जेएच 05-जेड-3841 स्कूली बच्चों को लेकर रिंग रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान कार नंबर जेएच 05-डीजे-3955 तेज गति से वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो को काफी नुकसान पहुंचा। उसमें सवार बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
सात घायल बच्चों के नाम सामने आए
घायल बच्चों में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी के नाम सामने आए हैं। हादसे में कुल आठ बच्चों के घायल होने की जानकारी है, हालांकि एक बच्चे के नाम की पुष्टि नहीं हो सकी है। सभी घायलों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज कराया गया।
कार चालक की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चला रही महिला मौके से चली गई। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे की वजह और दुर्घटना के समय दोनों वाहनों की गति की भी जांच की जा रही है।


