चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित जिला परिषद कर्मचारी आवासीय परिसर में 474.78 लाख रुपये (करीब 4.74 करोड़ रुपये) की लागत से बहुमंजिला आवासीय भवन का निर्माण कराया जाएगा। आज मंगलवार को राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा और सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं नारियल फोड़कर किया। इसके बाद शिलान्यास शिलालेख का अनावरण किया गया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी सविता टोपनो, जिला अभियंता राजू मरांडी सहित जिला परिषद के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकारी व्यवस्था को प्रभावी बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि सरकारी व्यवस्था को प्रभावी बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बहुमंजिला आवासीय भवन के निर्माण से कर्मचारियों को व्यवस्थित और सुविधाजनक आवास मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि जिले में आधारभूत संरचनाओं का विकास बेहद जरूरी है. कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन बनने से उन्हें कार्यस्थल के नजदीक रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में भी सहूलियत होगी।
जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कई विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कर्मचारी आवासीय भवन का निर्माण परिषद की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और परियोजना को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला परिषद के माध्यम से जिले में कई अन्य विकास योजनाएं भी प्रक्रियाधीन हैं
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने बताया कि जिला परिषद के माध्यम से जिले में कई अन्य विकास योजनाएं भी प्रक्रियाधीन हैं। इनमें जर्जर विपणन भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण तथा मझगांव में बस स्टैंड का निर्माण शामिल है। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।
also read : सोनिया गांधी ने खोले जिंदगी के राज, पहले बेटे की मौत से लेकर मेनका से विवाद तक


