पलामू : झारखंड के पलामू में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) आशीष रंजन पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम हैदरनगर थाना क्षेत्र के बभंडी मोड़ के पास की है। पतरिया उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आशीष रंजन का आरोप है कि बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और ईंट-पत्थर व फाइटर पंच से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवकों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और उनकी कार के शीशे भी तोड़ डाले। आशीष रंजन के मुताबिक, हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन, हाथ से चांदी का ब्रेसलेट और जेब में रखे पांच हजार रुपये भी छीन लिए। इस दौरान कार में बैठे उनके मामा बलवंत सिंह को भी चोटें आई हैं।
Read More : रांची में 15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
दीपावली की पूजा सामग्री खरीदने जा रहे थे CHO
मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:45 बजे आशीष रंजन अपने मामा बलवंत सिंह के साथ वैगनआर कार (JH 01 FP 3113) से दीपावली की पूजा सामग्री खरीदने हैदरनगर जा रहे थे। इसी दौरान निचला मोड़ के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने अचानक ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से हमला कर दिया। हमले में कार के दाहिनी ओर के दोनों शीशे चकनाचूर हो गए। इस दौरान कार में बैठे बलवंत सिंह को भी चोटें आईं।
सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट और नकदी छीनने का आरोप
आशीष रंजन ने अपने लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन, हाथ से चांदी का ब्रेसलेट तथा पांच हजार रुपये नकद छीन लिए। घटना के तुरंत बाद उन्होंने हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना को फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर लिखित आवेदन भी सौंपा है।
तीन युवकों को बनाया नामजद आरोपी
आशीष रंजन ने अपने आवेदन में हमले में शामिल तीन युवकों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें बहेरा गांव निवासी मोनल सिंह उर्फ मोनू, पिता संजय सिंह, लोहारपुर निवासी सचिन सिंह, पिता मंगल सिंह उर्फ बीरेंद्र सिंह और बभंडी मठ निवासी इरशाद, पिता छनछन नवाब शामिल हैं।
पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग
CHO आशीष रंजन ने पुलिस प्रशासन से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान करने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने का अनुरोध किया है। इसके अलावा कथित तौर पर छीने गए आभूषण और नकदी बरामद करने तथा क्षतिग्रस्त कार का निरीक्षण कराने की मांग की है। आशीष रंजन ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।


