रांची: गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी,रांची में बंदी छोड़ दिवस श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में भव्य एवं विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें काफी संख्या में सिख संगत और श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी।
विशेष दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल द्वारा ‘गुर पूरे मेरी राख लई अमृत नाम हृदय में दिनो, जनम जनम की मैल गई……’ शब्द गायन से हुई. हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी ने “सतगुरु बंदी छोड़ है जीवन मुकत करे उडीना…” और “सब सिखन को हुकम है गुरु मानयो ग्रंथ…” जैसे पवित्र शबदों का गायन कर संगत को निहाल किया।
सत्संग सभा के मनीष मिड्ढा ने कथावाचन करते हुए संगत को इस दिन के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि कैसे छठे सिख गुरु, श्री गुरु हरगोविंद साहिब जी, मुगलों की कैद (ग्वालियर किले) से आजाद हुए थे और अपनी सूझबूझ से अपने साथ 52 निर्दोष हिंदू राजाओं को भी मुगलों की गुलामी से मुक्त कराया था.इसी महान परोपकार की याद में सिख समाज इस दिन को ‘बंदी छोड़ दिवस’ के रूप में मनाता है।
गुरु साहिब की रिहाई और अमृतसर आगमन की खुशी को याद करते हुए पूरे गुरुद्वारा परिसर को सुंदर लाइटों और दीयों से सजाया गया। समागम की समाप्ति पर अरदास की गई और मिष्ठान प्रसाद बरताया गया, जिसमें समाज के सभी वर्ग के लोगों ने ग्रहण किया.
सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने इस मौके पर संगत को बंदी छोड़ दिवस की बधाई दी और गुरु साहिब के दिखाए गए परोपकार, न्याय और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
आंचल शिशु आश्रम के बच्चों के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार मनाया
दीपावली के मौके पर गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्यों ने रांची के पुरानी रांची (भूमियाटोली) स्थित आंचल शिशु आश्रम के बच्चों के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार मनाया.इस अवसर पर बच्चों के बीच मिठाइयाँ, उपहार और दीपावली की खुशियां बांटी गई। जहां बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह और मुस्कान देखने को मिली.जत्था के सूरज झंडई ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव और जरूरतमंद बच्चों के साथ पर्व की खुशियां साझा करने का है.
गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा प्रभात फेरियों की शुरुआत 11 नवंबर से समापन 20 नवंबर को
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा प्रभात फेरियों की शुरुआत 11 नवंबर से होगी तथा समापन 20 नवंबर को होगा और 22 नवंबर को कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित बिड़ला मैदान में भव्य दीवान सजाया जाएगा और दोपहर 3:00 बजे यहां से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल पहुंचकर रात 9:00 बजे समाप्त होगा यह जानकारी मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने दी।


