लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा में सोमवार की अहले सुबह एक घर के बाहर खड़ी कार में अचानक आग लग गई। घटना लोहरदगा-गुमला मुख्य सड़क पर मिशन चौक के पास की है। कार से उठी आग की लपटें देखते ही देखते इतनी तेज हो गईं कि घर की खिड़की के रास्ते बाहर वाले कमरे तक जा पहुंचीं। इस कमरे में कंपनी का दफ्तर चलता था। आग लगते ही पूरे घर में हड़कंप मच गया। चारों तरफ धुआं भर गया और घर के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, परिवार के लोगों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी किसी तरह घर से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। इस अगलगी में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
Read More : रांची समेत सभी शहरों की हवा हुई Unhealthy, जानें AQI
खिड़की के रास्ते घर तक पहुंचीं लपटें
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उद्योगपति दीपक कुमार जायसवाल के घर के बाहर खड़ी टायगून कार (नंबर JH01GD-0002) में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और घर की खिड़की के रास्ते कमरे में पहुंच गईं। इसके बाद कमरे में संचालित कंपनी का कार्यालय भी आग की चपेट में आ गया। वहां रखे फर्नीचर, एसी और अन्य सामान जलने लगे। कार और घर की खिड़की से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल दीपक कुमार जायसवाल उर्फ बंटू, पंकज जायसवाल और परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज देकर जगाया।
बालकनी के रास्ते बचाई जान
आग लगने के बाद घर में तेजी से धुआं भरने लगा। कुछ ही देर में स्थिति ऐसी हो गई कि परिवार के सदस्यों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसी दौरान पंकज जायसवाल ने सूझबूझ दिखाते हुए ऊपरी मंजिल की बालकनी से बगल के घर की छत पर छलांग लगा दी। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को भी बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई। धुएं के बीच उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कमरे का दरवाजा खोलने में सफलता पाई और परिवार को बचाने में जुट गए। घर में धुआं भर जाने से परिवार के सदस्य घुटन महसूस कर रहे थे। ऐसे मुश्किल समय में पंकज जायसवाल ने अपनी जान की परवाह किए बिना मां, पत्नी, बेटे, बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस तरह दीपक कुमार जायसवाल और पंकज जायसवाल समेत परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। हालांकि, धुएं के कारण दीपक कुमार जायसवाल और उनके पुत्र प्रियश जायसवाल की तबीयत प्रभावित हुई।
लाखों रुपये का नुकसान
इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये मूल्य की टायगून कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं, घर के कमरे में लगा एयर कंडीशनर, करीब 25 लाख रुपये के फर्नीचर और अन्य सामान भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस घटना में कुल करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों की मदद से बुझाई गई आग
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी की जान नहीं गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते लाखों रुपये की संपत्ति तबाह कर दी, लेकिन पंकज जायसवाल की सूझबूझ और साहस से परिवार के सभी सदस्यों की जान बच गई।


