रांची : झारखंड में नवंबर का पहला हफ्ता बीतते-बीतते मौसम का रंग-ढंग बदलने लगा है। दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे लोगों को गर्मी सता रही है। वहीं, सुबह और रात होते ही ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम केंद्र रांची के पिछले पांच दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 15 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा ठंड लातेहार में देखने को मिली, जहां पारा गिरकर 13.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, दिन में सूरज की तपिश अभी कम नहीं हुई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान अब भी 30 डिग्री के पार बना हुआ है। यानी झारखंड में मौसम का हाल कुछ ऐसा है कि दोपहर में गर्मी पसीना छुड़ा रही है, तो सुबह-शाम हल्की ठंड लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिलाने लगी है।
रांची में चार दिनों में 4.4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। 4 नवंबर को यहां न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस था, जो 5 नवंबर को घटकर 17.4 डिग्री पर पहुंच गया। इसके बाद 8 नवंबर को रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह महज चार दिनों में राजधानी के न्यूनतम तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट आई है। इसका असर सुबह और देर शाम साफ महसूस होने लगा है। लोग अब सुबह घर से निकलते समय हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं।
लातेहार में सबसे कम तापमान, गुमला और खूंटी में भी बढ़ी ठंड
राज्य के कई जिलों में रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। 8 नवंबर को लातेहार में सबसे कम 13.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, गुमला में 13.9 डिग्री और खूंटी में 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री और सिमडेगा में 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में यह 15.9 डिग्री, देवघर में 17.1 डिग्री, पाकुड़ में 18.1 डिग्री और सरायकेला में 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, पूर्वी सिंहभूम के दारिसाई में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री और पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इन आंकड़ों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रात के तापमान में अंतर साफ दिखाई देता है।
दिन के तापमान में फिलहाल ज्यादा गिरावट नहीं
न्यूनतम तापमान में गिरावट के बावजूद दिन के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। राजधानी रांची में 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 5 नवंबर को यह बढ़कर 27.8 डिग्री रहा, जबकि 8 नवंबर को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर, डालटनगंज और चाईबासा में दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा बना हुआ है। 8 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, डालटनगंज में 30.2 डिग्री और चाईबासा में 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के इलाकों में दिन के समय गर्मी का असर बरकरार है।
रांची में 9 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम की मौजूदा स्थिति में दिन और रात के तापमान के बीच काफी अंतर देखने को मिल रहा है। जहां दिन में अधिकतम तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, वहीं रात में कई जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री के बीच बना हुआ है। इसी वजह से दोपहर में गर्मी और सुबह-शाम ठंड का मिला-जुला असर महसूस हो रहा है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह धुंध या कुहासा छाने और बाद में आसमान साफ रहने की संभावना है। रांची में 9 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।


