रांची : शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने सफाई और सौंदर्यीकरण की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने लालपुर-कोकर मार्ग स्थित डिस्टलरी पुल क्षेत्र, वेंडर मार्केट और विवेकानंद पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
Read More : मेदिनीनगर में महिला से 4 लाख की छिनतई, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
डिस्टलरी पुल के आसपास बनेगी जालीदार बाउंड्री
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डिस्टलरी पुल क्षेत्र में लगातार कचरा फेंके जाने की समस्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुल के आसपास जालीदार बाउंड्री बनाने का निर्देश दिया, ताकि लोग वहां कचरा नहीं फेंक सकें। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की पहचान कर नियमानुसार जुर्माना लगाने को भी कहा। इसके अलावा पुल के नीचे मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY) के श्रमिकों के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाने और पूरे क्षेत्र में नियमित स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया।
विवेकानंद पार्क का होगा कायाकल्प
नगर आयुक्त ने विवेकानंद पार्क की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और इसके समग्र विकास के लिए आवश्यक बदलाव करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पार्क को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाया जाए, ताकि महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और शहर के अन्य नागरिक शाम के समय भी यहां आसानी से आ सकें। पार्क में पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त ने सोलर लाइट लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पूरे परिसर की व्यापक सफाई, पेड़ों की छंटाई और घास की कटाई कराने को कहा। पार्क में बने पाथवे की मरम्मत कर उसे लोगों के आवागमन के अनुकूल बनाने का भी निर्देश दिया गया।
छठ महापर्व से पहले तालाब की होगी विशेष सफाई
आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर आयुक्त ने पार्क परिसर में स्थित तालाब की विशेष सफाई कराने को कहा। उन्होंने तालाब के पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर, एलम और ई-बॉल का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी समय पर सभी जरूरी कार्य पूरे करें।
अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने का निर्देश
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डिस्टलरी पुल क्षेत्र और विवेकानंद पार्क को स्वच्छ, सुंदर और आम नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 10 की वार्ड पार्षद, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक सहित रांची नगर निगम के अन्य कर्मी उपस्थित थे।



