रांची : झारखंड के मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी के बयान को लेकर भाजपा ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को राजधानी रांची में डीपीएस के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा ने इरफान अंसारी के 40 लाख लोगों को सड़क पर उतारने, सेना को चुनौती देने और राहुल गांधी द्वारा उन्हें रोककर रखने संबंधी बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान देश में अराजकता फैलाने और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाला बयान बताया।
Read More : इरफान अंसारी के बयान पर भाजपा ने अरगोड़ा थाने में दी शिकायत
अमर बाउरी ने इरफान अंसारी पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि इरफान अंसारी के वीडियो ने देश में अराजकता फैलाने की कथित साजिश को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि 40 लाख लोगों को सड़क पर उतारने की बात करना और यह कहना कि राहुल गांधी ने उन्हें रोक रखा है, बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अमर बाउरी ने कहा कि जिस दिन राहुल गांधी इजाजत दे देंगे, उस दिन देश में क्या स्थिति होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है। उनके मुताबिक, यह बयान केवल सरकार ही नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था और सेना को भी खुली चुनौती देने जैसा है।
नेपाल और बांग्लादेश से तुलना वाले बयान पर भी घेरा
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेतावनी देते हुए भारत की स्थिति नेपाल और बांग्लादेश से भी बदतर होने की बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने और जनता के बीच भय एवं भ्रम फैलाने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि देश में तख्तापलट की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी। भारत का लोकतंत्र और संविधान मजबूत एवं जीवंत है। विपक्ष की ऐसी किसी भी कोशिश से लोकतंत्र का बाल भी बांका नहीं हो सकता।
हेमंत सोरेन से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि वे इरफान अंसारी के बयान से सहमत हैं या असहमत। अमर बाउरी ने मांग की कि यदि मुख्यमंत्री इस बयान से सहमत नहीं हैं तो इरफान अंसारी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी मंत्री की इस तरह की बयानबाजी स्वीकार नहीं की जा सकती। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की मान्यता समाप्त करने की भी मांग की।
प्रदर्शन में ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
रांची में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, सुनील सोरेन, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, समीर उरांव, सुदर्शन भगत, रोशनी खलखो, अशोक बड़ाईक, सन्नी टोप्पो, मीरा मुंडा, गीता बुलमुचू, आरती कुजूर, अनिता मुर्मू, शकुंतला उरांव, संजय सरदार, शिवशंकर उरांव, वरुण साहू और गंगोत्री कुजूर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



