रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान को लेकर भाजपा ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को रांची के अरगोड़ा थाने में शिकायत देकर मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया। शिकायत में डॉ. अंसारी पर देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने, विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने, आपराधिक धमकी देने और शांति भंग करने के इरादे से बयान देने का आरोप लगाया गया है।
Read More : रांची के वार्ड 05 और 47 में तीन विकास योजनाओं का शिलान्यास
शिकायत के अनुसार, डॉ. अंसारी ने 5 नवंबर 2026 को एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने कथित तौर पर दावा किया कि 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को चुनौती देते हुए कहा कि सेना को बुलाने के बावजूद छात्रों को सड़कों पर उतरने से नहीं रोका जा सकेगा।
बांग्लादेश और नेपाल का जिक्र कर धमकी देने का आरोप
दीपक प्रकाश की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि डॉ. अंसारी ने केंद्र सरकार की मांगें नहीं मानने पर भारत के हालात बांग्लादेश और नेपाल में हुए हिंसक तख्तापलट से भी बदतर होने की चेतावनी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पड़ोसी देशों में हुई हिंसा, आगजनी और संवैधानिक पतन का हवाला देकर भारत में अराजकता फैलाने की बात कही गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डॉ. अंसारी पहले भी प्रदेश और देश में अराजकता फैलाने वाले बयान देते रहे हैं। उनके कथित भड़काऊ साक्षात्कार और वीडियो रांची समेत देशभर के डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया नेटवर्क पर प्रसारित हुए हैं।
दीपक प्रकाश ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि डॉ. अंसारी ने हाल में दिल्ली जाकर कुछ छात्र संगठनों के साथ गुप्त बैठकें कीं। आरोप है कि इन बैठकों में उन्हें संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए प्रेरित किया गया। शिकायत के मुताबिक, उनके उकसावे के कारण दिल्ली और अन्य स्थानों पर छात्रों से जुड़ी हिंसक उपद्रव की घटनाएं हुईं और लोक व्यवस्था प्रभावित हुई।
राहुल गांधी के इशारे पर बयान देने का आरोप
दीपक प्रकाश ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी का बयान महज व्यक्तिगत बयान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, के इशारे पर इस तरह का बयान दिया गया है। प्रकाश ने कहा कि ऐसे बयानों के जरिए देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह डॉ. अंसारी के बयान से सहमत है और क्या इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उसकी राजनीतिक सहमति से किया जा रहा है।
BNS और आईटी एक्ट की धाराओं में FIR की मांग
दीपक प्रकाश ने अरगोड़ा थाना प्रभारी से शिकायत में उठाए गए तथ्यों पर त्वरित संज्ञान लेने का अनुरोध किया। उन्होंने डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 152, 153, 196, 351 और 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 45 और 66एफ के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन डॉ. अंसारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
इस मौके पर वरुण साहू, आरती कुजूर, सुधीर श्रीवास्तव, सूरज नाथ शाहदेव, नीरज सिंह, तारिक इमरान, राहुल अवस्थी, पंकज सिन्हा, मनोज दुबे, रमेश सिंह, बिनय राज, राजू सिंह, संकेत तिवारी, बिनय सिंह, इंद्रजीत यादव, राजीव शाहदेव, नेहा सिंह और शंकर दुबे सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।



