मोकामा : मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को नदवां गांव में होने वाली है। शादी को लेकर घर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को अनंत सिंह खुद गांव पहुंचे और शादी की तैयारियों का जायजा लिया। समर्थकों की मानें तो शादी का समारोह काफी भव्य होने वाला है। इसमें बिहार के नामी कलाकारों के साथ फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी गायक पवन सिंह, गुंजन सिंह, उदित नारायण और कई दूसरे भोजपुरी कलाकार भी रंग जमाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार अनंत सिंह और सोनू सूद के बीच काफी करीबी संबंध हैं। जब सोनू सूद बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बिहार आए थे, तब अनंत सिंह ने उनके लिए अपनी गाड़ी भेजी थी। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर भी अक्सर बातचीत होती रहती है।
Read More : रांची के पंडरा में COTPA उल्लंघन पर कार्रवाई, दुकानदारों के चालान कटे
शादी में मेहमानों का स्वागत विदेशी फूलों से
समारोह में आने वाले मेहमानों का स्वागत विदेशी फूलों से किया जाएगा। इसके लिए विदेश से फूल मंगवाने का ऑर्डर दिया गया है। शादी में हॉर्स राइडिंग का आयोजन भी होगा, जिसके लिए बाहर से घुड़सवार बुलाए गए हैं। हॉर्स राइडिंग में प्रथम विजेता को थार गाड़ी, दूसरे विजेता को बाइक और तीसरे विजेता को स्कूटी दी जाएगी। गांव पहुंचते ही अनंत सिंह ने हॉर्स राइडिंग की तैयारियों की जानकारी ली और मैदान का निरीक्षण किया। इसके बाद वे काफी देर तक घर के बाहर समर्थकों के साथ बैठे रहे। इस दौरान उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा।
10 बीघे में बनेगा पंडाल
शादी समारोह के लिए गांव में 10 बीघे में पंडाल बनाया जा रहा है। टेंट और पंडाल लगाने के लिए सामान के साथ मजदूरों को उत्तर प्रदेश के मऊ से बुलाया गया है। ग्रामीण बंटी सिंह ने बताया कि गांव के लोग तैयारियों में जुटे हैं। उनके मुताबिक, शादी में बिहार और देश के विभिन्न राज्यों से लोग आएंगे।
20 नवंबर को तिलक, 25 को शादी और जनेऊ
शिवांगी की शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश 11 साल से अमेरिका में रह रहे हैं। उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। 20 नवंबर को तिलक-फलदान होगा। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी के साथ अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार यानी जनेऊ होगा। अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की दो बेटियां राजनंदनी सिंह और शिवांगी सिंह हैं। उनके तीन बेटे अंकित, अभिषेक और अभिनव हैं। बड़ी बेटी राजनंदनी की शादी लखीसराय के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुई है। वे केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।
जनसुराज को समर्थन देने के बाद जदयू से निष्कासन
अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव में जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था। हालांकि, नीरज कुमार चुनाव जीत गए। जदयू ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है। इसके अलावा पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी दिया गया है।



