जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में अर्जुन मुंडा अपनी 90 साल की बीमार मां सायरा मुंडा के सामने बांसुरी बजाते दिख रहे हैं। बेटे की बांसुरी की मीठी धुन सुनकर मां के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। मां ने भी बड़े प्यार से बेटे के सिर पर हाथ फेरा। मां-बेटे के इस प्यार भरे पल को देखकर लोग भावुक हो रहे हैं।
Read More : दिल्ली में INDIA रैली से बाजारों का कारोबार प्रभावित, कनॉट प्लेस में 40% बिक्री
मां के सामने बांसुरी बजाते दिखे अर्जुन मुंडा
वीडियो में अर्जुन मुंडा पूरी तन्मयता से बांसुरी बजाते नजर आ रहे हैं। उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी अपनी सास के बिस्तर के पास खड़ी होकर इस भावुक पल को देख रही थीं। काफी देर तक बांसुरी बजाने के बाद अर्जुन मुंडा ने अपनी मां से बातचीत भी की। उन्होंने इस खास पल का वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया है। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ अर्जुन मुंडा की संगीत और बांसुरी वादन में भी गहरी रुचि है। हालांकि, वह अक्सर अपनी इस कला का प्रदर्शन मां के सामने ही करते हैं। उनके इस अंदाज की आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा हो रही है।
#WATCH: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी 90 वर्षीय बीमार मां के सामने बांसुरी बजाई। बेटे की मधुर धुन सुनकर मां के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मां-बेटे के इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
#ArjunMunda #JharkhandNews #JamshedpurNews #jhlive https://t.co/q4uywCljur
— JH LIVE (@jhliveonline) November 2, 2026
दो साल से अधिक समय से अस्वस्थ हैं मां
बताया जाता है कि अर्जुन मुंडा की 90 वर्षीय मां पिछले दो वर्षों से अधिक समय से अस्वस्थ हैं। उनका खान-पान सामान्य है, लेकिन उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण वह ज्यादातर समय बिस्तर पर ही आराम करती हैं। अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा मां की देखभाल करते हैं। जमशेदपुर के मनोचिकित्सक डॉ. दीपक गिरी के मुताबिक, संगीत का मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर शोध जारी है। किसी अस्वस्थ व्यक्ति के सामने मधुर संगीत या उसकी पसंदीदा धुन बजाने से मानसिक सुकून मिल सकता है। इससे तनाव कम करने और मन को शांत रखने में भी मदद मिल सकती है। मां के प्रति बेटे का स्नेह और बांसुरी की मधुर धुन का यह दृश्य भावनात्मक जुड़ाव की खूबसूरत मिसाल बन गया है।



