रामगढ़ : रामगढ़ और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित उरीमारी ओपी क्षेत्र के पोटंगा में बीती देर रात फायरिंग की घटना हुई। सैनिक कंपनी के गेट पर हुई गोलीबारी में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं, जबकि अपराधी चार धमकी भरे पर्चे छोड़कर फरार हो गए।
Read More : JPSC मेधा घोटाले में CID की बड़ी कार्रवाई, एल. खियांग्ते समेत 12 पर चार्जशीट
रात करीब 12 बजे हुई फायरिंग
उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव के मुताबिक, गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों ने रात करीब 12 बजे सैनिक कंपनी के गेट पर फायरिंग की। इस दौरान कंपनी में तैनात सुरक्षा गार्ड को गोली लग गई। घायल गार्ड को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया। अचानक हुई गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
चार पर्चे छोड़कर फरार हुए अपराधी
पुलिस को घटनास्थल से चार पर्चे मिले हैं। इनमें स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और आवास को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है। पर्चों में मौजूदा घटना को महज चेतावनी बताते हुए आगे गंभीर कार्रवाई करने की बात कही गई है। पर्चों में सोनाराम मांझी और संजय करमाली के साथ मिलकर न्यू बरसा साइडिंग तथा बरका-सयाल क्षेत्र में काम करने पर भी आपत्ति जताई गई है। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
सात खोखे बरामद, अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं। थाना प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में टीम फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस धमकी भरे पर्चों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अधिकारी को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता
सैनिक कंपनी के गेट पर गोलीबारी और स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय व आवास को निशाना बनाने की धमकी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में जुटी है।




