रांची : राजधानी रांची में चोरों का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब पुलिसवालों के घर में भी हाथ साफ करने से नहीं डर रहे हैं। चुटिया थाना इलाके के पटेल कंपाउंड में चोरों ने हजारीबाग में तैनात सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद घर को निशाना बनाया। तीन से चार चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर 20 लाख रुपये से ज्यादा का माल समेट ले गए हैं।
Read More : रांची में ‘अपनों की उड़ान’ का दिवाली ट्रेड फेयर, महिला उद्यमियों को बढ़ावा
बंद मकान देखकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधी घर में घुसे और कीमती सामान की तलाश करने लगे। उन्होंने घर में रखे जेवरात और नकदी समेट ली और वहां से फरार हो गए। वारदात के दौरान अपराधियों ने घर में लगे CCTV कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की। हालांकि, उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं। अब पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

रिश्तेदार ने सुबह देखा टूटा हुआ ताला
सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के एक रिश्तेदार ने बताया कि सुबह घर के गेट का ताला टूटा हुआ देखकर वे अंदर गए। वहां सभी ताले टूटे पड़े थे। घर में रखी सभी आलमारियां और दीवान भी टूटे हुए थे, जबकि हर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद रिश्तेदार ने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए हैं।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।




