यूपी: भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश ने प्रदेश कार्यसमिति-2026 के सदस्यों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में 548 कार्यसमिति सदस्य और 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। यह घोषणा 30 और 31 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले की गई है।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसमें मिशन-2027 के तहत संगठनात्मक तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।
30 स्थायी आमंत्रित सदस्य
इस कमेटी में स्थायी आमंत्रित सदस्यों की घोषणा कर दी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कुल 30 प्रमुख नेताओं को स्थान दिया गया है। इस सूची में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी शामिल हैं। संगठन से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारियों में रेखा वर्मा, तारिक मंसूर, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, भोला सिंह, संगीता यादव, अमरपाल मौर्य और कुँवर बासित अली को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों में हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एस०पी० सिंह बघेल और कीर्तिवर्धन सिंह के नाम सूची में दर्ज हैं। वरिष्ठ नेताओं तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्षों में मुरली मनोहर जोशी, ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकान्त वाजपेयी, महेन्द्र नाथ पाण्डेय, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेन्द्र सिंह चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति और मुख्तार अब्बास नकवी को इस समिति में जगह दी गई है।
क्षेत्र और जिलों के आधार पर सदस्यों को मिली जगह
548 सदस्यों वाली मुख्य सूची में पश्चिम, बृज, गोरखपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों और जिलों के नेताओं को शामिल किया गया है। पश्चिम क्षेत्र के बागपत, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, रामपुर, शामली, संभल, सहारनपुर, नोएडा, अमरोहा और गाजियाबाद समेत कई जिलों के नेताओं को स्थान दिया गया है। वहीं, बृज क्षेत्र से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद और हाथरस समेत अन्य जिलों के नेताओं को शामिल किया गया है। गोरखपुर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में सदस्यों को कार्यसमिति में जगह मिली है।
मिशन-2027 की तैयारियों पर रहेगा फोकस
प्रदेश कार्यसमिति की सूची जारी होने के बाद अब सभी की नजर 30 और 31 अक्टूबर को होने वाली बैठक पर है। इसमें संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन होने की उम्मीद है। नई कार्यसमिति को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
also read : हाईकाेर्ट से सजीवनी बिल्डकॉन घोटाले में हल्का कर्मचारी की याचिका खारिज




